अन्य खबरें

नवंबर में ही दिसंबर जैसी सर्दी दिल्ली में 14 साल का रिकॉर्ड टूटा

दिल्ली:दिल्ली का तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम होने पर आमतौर पर उसे शीतलहर जैसी स्थिति मानी जाती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों के बीच दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में शीतलहर जैसी स्थिति हो सकती है। खासतौर पर सुबह के समय लोगों को खासी ठंडी हवा का सामना करना पड़ेगा।
दिल्ली के लोग इस बार नवंबर में ही दिसंबर जैसी ठंड का सामना कर रहे हैं। शुक्रवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह नवंबर में पिछले चौदह सालों में सबसे कम तापमान है।

दिल्ली में इस बार मौसम अलग-अलग रिकॉर्ड तोड़ने में लगा है। मौसम में लगातार ठंड का अहसास बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को सफदरजंग मौसम केन्द्र में न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इससे पूर्व वर्ष 2006 में 29 नवंबर की तारीख को न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। इस तरह से यह बीते चौदह सालों में नवंबर महीने की सबसे ठंडी सुबह रही। यह न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री नीचे है।

दिल्ली में आमतौर पर दिसंबर और जनवरी में शीतलहर देखने को मिलती है। लेकिन, इस बार नवंबर में ही शीतलहर जैसी स्थिति बन रही है। प्रादेशिक मौसम पूर्वानुमान केन्द्र के प्रमुख डॉ. कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि इस बार सितंबर के बाद से ही आसमान साफ रहा है। इसके चलते दिन भर पैदा होने वाली गर्मी वातावरण से बाहर चली जाती है और रातें ठंडी हो जाती हैं। जबकि, पिछले दिनों आए पश्चिमी विक्षोभ के बाद उच्च हिमालयी क्षेत्रों में अच्छी बर्फबारी हुई है। इस समय हवा उधर की दिशा से ही आ रही है, जिससे ठंड में और इजाफा हुआ है।
बारिश तथा हिमपात के बाद पश्चिमोत्तर क्षेत्र में पारा गिरने से आदमपुर ,बठिंडा और हिसार सबसे ठंडे स्थान रहे। हिमाचल प्रदेश तथा कश्मीर के ऊंचाई वाले स्थानों पर हिमपात होने के कारण इसका असर मैदानी इलाकों पर भी पड़ा है तथा पश्चिमोत्तर क्षेत्र में सुबह शाम हल्की धुंध छाई रही और अगले दो दिनों भी धुंध पड़ने और मौसम खुश्क रहने के आसार हैं ।

loading...

Related Articles

Back to top button