उत्तर प्रदेश

बदलाव का मन बना चुकी यूपी की जनता: प्रियंका

-दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंची प्रियंका गांधी ने योगी सरकार को घेरा

-गांवों व कस्बों में 12 हजार किमी पैदल यात्रा करने का दिया मंत्र

लखनऊ। सूबे की राजधानी लखनऊ के दो दिवसीय दौरे पर पहुंची प्रदेश प्रभारी व पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भले ही अभी तक बंद कार्यालय में प्रमुख पदाधिकारियों के साथ संगठनिक मुद्दों पर चर्चा की है, मगर उन्होंने इस दौरान योगी सरकार को घेरने का कोई भी मौका नहीं छोड़ा। उन्होंने शनिवार को कहा कि अब यूपी की जनता बदलाव का मन बना चुकी है और वो योगी सरकार से परेशान हो चुकी है। उन्होंने यह भी कहा कि यह फीड बैक उन्हें पार्टी के प्रदेश नेताओं से मिला है। प्रियंका ने कहा कि किसानों, नौजवानों, महिलाओं, व्यापारी वर्ग तथा आमजनों की आवाज बन कांग्रेस परिवर्तन के संकल्प के साथ मजबूत विकल्प बनकर उभरेगी। मिशन यूपी 2022 के आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए प्रियंका ने पार्टी कार्यालय पर प्रमुख नेताओं के साथ मैराथन बैठक की और संगठन को मजबूत करने के लिये कई अहम निर्देश दिये। यही नहीं प्रियंका ने सवेरे ही ट्वीट करते हुए कहा कि वरिष्ठ सदस्यों, युवाओं, महिलाओं एवं संगठन के पदाधिकारियों की भागीदारी के चलते बहुत सार्थक चर्चा हुई। ‘सबकी भागीदारी, सबकी जिम्मेदारी’ के मंत्र के साथ कांग्रेस ने चुनावों के लिए जोरदार दस्तक दी है। पार्टी द्वारा शनिवार को जारी बयान के अनुसार, केन्द्र के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के विरोध के मुद्दे पर पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी की अध्यक्षता में आज यहां आयोजित एक समीक्षा बैठक के दौरान चर्चा हुई। बयान के अनुसार, प्रियंका हर गांव की रिपोर्ट मांग रही हैं और उस पर चर्चा कर रही हैं। बयान में कहा गया है कि प्रियंका ने बैठक में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए चुनावी रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर लोगों से संपर्क बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश मामलों की प्रभारी प्रियंका गांधी के नेतृत्व में गांवों और कस्बों से 12 हजार किलोमीटर लंबी यात्रा निकालने का फैसला शुक्रवार को किया था। बैठक में “कांग्रेस प्रतिज्ञा यात्रा: हम वचन निभाएंगे नाम से यात्रा निकालने का निर्णय लिया गया है।

 

 

loading...

Related Articles

Back to top button