मनोरंजन

अक्षय कुमार जल्द शुरू करेंगे राम सेतु की शूटिंग

अक्षय कुमार आने वाले दिनों में कई फिल्मों में नजर आएंगे। राम सेतु भी उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक है। अक्षय अक्टूबर में इस फिल्म की शूटिंग शुरू करने की तैयारी में हैं। उन्होंने मार्च में अयोध्या में इस फिल्म का मुहूर्त किया था। इसके बाद मुंबई में उन्हें फिल्म का लंबा शेड्यूल शूट करना था, लेकिन लॉकडाउन की वजह से शूट टाल दिया गया था। अब वह फिर शूटिंग के लिए तैयार हैं।

रिपोर्टों के मुताबिक, अक्षय अक्टूबर में राम सेतु की शूटिंग वापस शुरू करेंगे और इस साल दिसंबर तक फिल्म पूरी कर लेंगे। फिल्म के कुछ हिस्से की शूटिंग श्रीलंका में होनी थी, लेकिन निर्माताओं ने इसके बाद फिल्म की शूटिंग केरल में करने का फैसला किया और अब राज्य में कोरोना के मामले बढऩे के चलते फिल्म के निर्माताओं ने इसके काफी हिस्से को गुजरात में शूट करने का फैसला किया है।

अभिषेक शर्मा के निर्देशन में बन रही फिल्म रामसेतु में अक्षय भारतीय संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत से जुड़ी कहानी को पर्दे पर लाने वाले हैं। इस फिल्म में अक्षय पुरातत्त्वविद् का किरदार निभाएंगे। फिल्म में मर्यादा पुरुषोत्तम राम की कहानी दिखाई जाएगी। इसमें अक्षय के साथ जैकलीन फर्नांडिज और नुसरत भरूचा नजर आएंगी। नुसरत इसमें उनकी पत्नी की भूमिका में होंगी और जैकलीन, अक्षय की टीम मेंबर होंगी, जो मिशन राम सेतु में अक्षय की मदद करती हैं।

अक्षय ने पिछले साल दिवाली पर राम सेतु का ऐलान किया था। उन्होंने फिल्म का पोस्टर शेयर किया था। इसके साथ अक्षय ने लिखा था, इस दीपावली, भारत राष्ट्र के आदर्श और महानायक भगवान श्री राम की पुण्य स्मृतियों को युगों-युगों तक भारत की चेतना में सुरक्षित रखने के लिए एक ऐसा सेतु बनाया, जो आने वाले पीढिय़ों को राम से जोड़ कर रखे। इसी प्रयास में हमारा भी एक छोटा संकल्प है राम सेतु। आपको दीपावली की शुभकामनाएं।

अक्षय रामसेतु के अलावा फिल्म सूर्यवंशी में नजर आएंगे। इस फिल्म के निर्देशक रोहित शेट्टी हैं, जिसमें कैटरीना कैफ के साथ उनकी जोड़ी बनी है। इसके अलावा अक्षय फिल्म अतरंगी रे में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे। इस फिल्म में उनके साथ सारा अली खान दिखाई देंगी। वह पृथ्वीराज, हाउसफुल 5 और रक्षाबंधन जैसी फिल्मों में भी नजर आएंगे। अक्षय फिल्म ओह माय गॉड 2 में काम कर रहे हैं। वह प्रियदर्शन की फिल्म का भी हिस्सा हैं।

loading...

Related Articles

Back to top button